बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : जिले के किसानों को पटवन की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार ने उदेरा स्थान बराज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता, अभियंताओं एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ बराज से निकलने वाली विभिन्न नहरों में पानी की स्थिति का जायजा लिया और किसानों के खेतों तक सुगमता से नहर का पानी पहुंचाने को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली।
निरीक्षण के बाद सांसद ने उदेरा स्थान बराज कार्यालय में सिंचाई विभाग के अभियंताओं एवं पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में नहरों में पानी की उपलब्धता, किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने तथा सिंचाई के लिए नहर के पानी के समुचित उपयोग समेत विभिन्न समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि नालंदा के पश्चिमी क्षेत्र के किसानों के लिए उदेरा स्थान बराज से निकलने वाली नहरें सिंचाई का महत्वपूर्ण जल स्रोत हैं। जिले में इस वर्ष अपेक्षाकृत कम वर्षा होने के कारण किसानों को सिंचाई के लिए नहर के पानी की आवश्यकता अधिक है। ऐसे में किसानों के खेतों तक पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने इस्लामपुर-औंगारीधाम नहर में बराज का पानी पहुंचने में आ रही बाधाओं के निराकरण को लेकर अधिकारियों निर्देश दिए। साथ ही तेल्हाड़ा नहर में भी आवश्यकतानुसार पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सिंचाई विभाग के पदाधिकारियों को निर्देशित किया।सांसद ने हिलसा एवं करायपरसुराय प्रखंडों में अत्यधिक पानी के कारण संभावित बाढ़ की स्थिति को रोकने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
