बीपी डेस्क। रेज़िंग एंड एक्सेलरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस (RAMP) योजना के अंतर्गत नव चयनित MSME मित्रों के लिए विकास भवन के तृतीय तल स्थित उद्योग विभाग के कांफ्रेंस हॉल में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन MSME निदेशालय, उद्योग विभाग, बिहार सरकार द्वारा किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य नव चयनित MSME मित्रों को MSME क्षेत्र से संबंधित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, RAMP कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित पहलों तथा उद्यमियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था। इस दौरान MSME मित्र को उद्यमियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और उन्हें उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यशाला में विशेषज्ञों ने MSME मित्रों को राज्य के आर्थिक विकास एवं रोजगार सृजन में MSME क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराया। कार्यशाला के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न MSME योजनाओं तथा RAMP के अंतर्गत उपलब्ध सहायता एवं सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। MSME मित्रों को उद्यम रजिस्ट्रेशन, ZED Certification तथा Lean Methodology के महत्व और इनके माध्यम से उद्यमों की गुणवत्ता, उत्पादकता एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के संबंध में जानकारी दी गई।
इसके साथ ही, उद्यमों के विकास और विस्तार के अगले चरण के रूप में निर्यात के अवसरों एवं संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। MSME मित्रों को बताया गया कि उचित गुणवत्ता मानकों, प्रमाणन, बेहतर उत्पादन प्रक्रियाओं एवं बाजार की समझ के माध्यम से स्थानीय उद्यम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक अपनी पहुंच बना सकते हैं।
कार्यशाला में MSME मित्रों को उद्यमियों की समस्याओं को समझने, उन्हें आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने तथा विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। MSME मित्रों को उद्यमियों और विभाग के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम स्तर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर उद्योग विभाग के पदाधिकारी, कर्मी एवं अन्य संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
