बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर राजेंद्र आश्रम, कांग्रेस कार्यालय में नालंदा जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर नालंदा जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष विवेक कुमार सिन्हा ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को आधुनिक, तकनीकी और वैज्ञानिक सोच के साथ आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने युवाओं को देश की शक्ति मानते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का अवसर दिया। कंप्यूटर एवं दूरसंचार क्रांति को बढ़ावा देने तथा देश को 21वीं सदी की ओर ले जाने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के विचारों और आधुनिक भारत के निर्माण के उनके सपने को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर देश की एकता, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और विकास के मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय कुमार पांडेय , नन्दू पासवान, पिंटू यादव, डॉ अवधेश प्रसाद , मंजु कुमारी, राजेश्वर प्रसाद, मुन्ना , अनिल , फ़रहत जमीन, रमेश कुमार, अनील , अधिवक्ता इफ़्तेख़ार अहमद , चुनचुन देवी , बिछी टटेरा, इंजीनियर टीपू, अजीत राज एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
