गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी, माल बीघा और दोसुत गांव के रहने वाले हैं आरोपी
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : रहुई थाना क्षेत्र में वेना थाना पुलिस ने शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 60 लीटर देसी शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बीबीपुर खंधा में छापेमारी कर झाड़ी में छिपाकर रखी गई शराब बरामद की।
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बीबीपुर खंधा में झाड़ी के बीच देसी शराब छिपाकर रखी गई है और वहीं से शराब का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और तलाशी अभियान शुरू किया।
तलाशी के दौरान झाड़ी में छिपाकर रखे एक बोरे से 60 लीटर देसी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान माल बीघा गांव निवासी दीपक कुमार और दोसुत गांव निवासी कुंदन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पूछताछ के दौरान शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
