– छिनतई किए गए मोबाइल और 400 रुपये नकद बरामद, दो फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : हरनौत बाजार के गोनावां रोड स्थित राम जानकी मंदिर के पास महिला से हुई छिनतई के मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने छिनतई किया गया मोबाइल फोन और 400 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ एवं आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने शुक्रवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 19 अगस्त 2026 की दोपहर पटेल नगर मोहल्ला निवासी अंजनी कुमार की पत्नी प्रतिमा कुमारी हरनौत बाजार से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान गोनावां रोड स्थित राम जानकी मंदिर के दक्षिण दिशा में पहले से घात लगाए चार अज्ञात बदमाशों ने महिला का बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
पीड़िता के अनुसार, बैग में करीब एक हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन रखे हुए थे। घटना के बाद उन्होंने हरनौत थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित आवेदन दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी एवं सामान की बरामदगी की मांग की।
पीड़िता की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
थानाध्यक्ष के अनुसार, 20 अगस्त की शाम पीड़िता ने राम जानकी मंदिर के पास छिनतई की घटना में शामिल चार युवकों में से कुछ को घूमते हुए देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना हरनौत थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया गया, जबकि मौके का फायदा उठाकर दो अन्य आरोपी फरार होने में सफल रहे। गिरफ्तार युवकों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके पास से छिनतई किया गया मोबाइल फोन और 400 रुपये नकद बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरनौत थाना क्षेत्र के सबनाहुआ डीह निवासी विनय पासवान के पुत्र राजू कुमार तथा नियामतपुर मोहल्ला निवासी संतोष चौधरी के पुत्र सनी कुमार के रूप में हुई है।
दो फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घटना के 48 घंटे के भीतर दो आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
