नालंदा: पदभार के दूसरे दिन नूरसराय थाना पहुंचे एसपी हृदयकान्त, व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : पदभार ग्रहण करने के दूसरे दिन शनिवार को नालंदा के पुलिस अधीक्षक हृदयकान्त नूरसराय थाना पहुंचे। उन्होंने थाना पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से देखा और समझा। इस दौरान एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही थाना क्षेत्र के क्राइम प्रोफाइल से भी अवगत हुए।

एसपी ने थानाध्यक्ष अरविंद कुमार समेत सभी पुलिस पदाधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था और पुलिसिंग को लेकर चर्चा की। उन्होंने थाना परिसर का घूम-घूमकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पानी की टंकी से ओवरफ्लो होकर पानी गिरता देख उन्होंने थानाध्यक्ष को पानी की बर्बादी रोकने का निर्देश दिया।

साथ ही थाना परिसर में साफ-सफाई बेहतर रखने को कहा। थाना में आने वाले फरियादियों एवं मुलाकातियों की सुविधा को लेकर एसपी ने पर्याप्त संख्या में कुर्सियों की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। परिसर में लंबे समय से रखी अज्ञात बाइक को जल्द डिस्पोजल कराने की बात कही। इसके अलावा पुलिस वाहन, गश्ती वाहन और अग्निशमन वाहन को भी चुस्त-दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।

पत्रकारों से बातचीत में एसपी हृदयकान्त ने आमजनों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस वाले भी समाज और देश के नागरिक हैं। पुलिस जनता के भाई, बंधु, बेटे और चाचा की तरह हैं। उन्होंने कहा कि जनता पुलिस की आंख, नाक और कान का काम करे। समाज में होने वाली किसी भी गलत गतिविधि की सूचना पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के साथ विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मिल सके।

मौके पर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, दारोगा धीरज कुमार पुरी, राजू कुमार, नेहा कुमारी, सभ्या कुमारी, रंजीता कुमारी, ज्योति कुमारी, शंभू कुमार, इंद्रजीत पासवान, संजय पासवान, सरोज खरवार, नरेश कुमार, विजय शंकर ओझा, सत्यप्रकाश पाल, रौशन कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।