बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : बिहारशरीफ के पंडितगली स्थित माँ मंगला गौरी मंदिर परिसर में रविवार को विधि-विधान के साथ महारुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और भगवान शिव का अभिषेक कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
महारुद्राभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव का जल, दूध सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक जयघोष से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा। बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने माँ मंगला गौरी के दर्शन कर परिवार और समाज की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
मंदिर के पुजारी दीपक पांडेय ने कहा कि महारुद्राभिषेक का आयोजन पूरे परिवार और समाज की सुख-शांति की कामना के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि यह सभी श्रद्धालुओं के लिए खुशी और सौभाग्य का अवसर है। माँ मंगला गौरी के चरणों में श्रद्धालु नतमस्तक होकर भगवान महादेव का रुद्राभिषेक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों से लोगों में आस्था और आपसी भाईचारा मजबूत होता है।
उन्होंने नालंदा जिलेवासियों के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि माँ मंगला गौरी और भगवान महादेव की कृपा सभी भक्तों पर बनी रहे। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूजा के बाद भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर से जुड़े सदस्यों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
