नालंदा : लंबित कांडों की समीक्षा, जल्द आरोप पत्र समर्पित करने का निर्देश

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : तेलमर थाना कार्यालय में रविवार को थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार की अध्यक्षता में थाना पदाधिकारियों एवं अनुसंधानकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना में पदस्थापित सभी अनुसंधानकर्ताओं के पास लंबित कांडों की बारी-बारी से समीक्षा की गई और उनके अनुसंधान की प्रगति की जानकारी ली गई।

थानाध्यक्ष ने लंबित मामलों के अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक कांड में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत अंतिम आदेश प्राप्त करते हुए शीघ्र आरोप पत्र समर्पित किया जाए। उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं को लंबित मामलों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और मामलों को गंभीरता एवं तत्परता के साथ निष्पादित करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान थानाध्यक्ष ने अनुसंधान से संबंधित अभिलेखों को अद्यतन रखने, साक्ष्यों का संकलन करने तथा कांडों की जांच में सभी आवश्यक बिंदुओं को ध्यान में रखने को कहा। उन्होंने कहा कि लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन से पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने में मदद मिलेगी और अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

थाना स्तर पर लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और अनुसंधान की प्रगति पर लगातार नजर रखने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कांडों के निष्पादन में आने वाली किसी भी समस्या की जानकारी वरीय अधिकारियों को समय पर दें, ताकि उसका समाधान किया जा सके। बैठक में थाना के एएसआई, एसआई सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं अनुसंधानकर्ता मौजूद रहे।