बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : ब्राउन शुगर एवं साइबर क्राइम के प्रति नालंदा पुलिस पहले से काफी सजग हुई है नालंदा के नए पुलिस कप्तान हृदय कांत के निर्देश पर नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नूरसराय थाना पुलिस ने जगदीशपुर-तियारी गांव में छापेमारी कर 49 पुड़िया स्मैक के साथ एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।
पुलिस ने उसके पास से बाइक, 680 रुपये नकद और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में नशीले पदार्थ की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग को पकड़ा।
तलाशी के दौरान उसके पास से 49 पुड़िया स्मैक बरामद की गयी। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जांच के लिए भेजा है। इसके साथ ही नशीले पदार्थ के कारोबार में इस्तेमाल की जा रही बाइक और मोबाइल फोन को भी जब्त किया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है।
