नालंदा में शुरू हुई ‘पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड)’ पहल, महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा होगी प्राथमिकता

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार नालंदा पुलिस ने जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में नई पहल शुरू की है। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नालंदा पुलिस द्वारा ‘पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड)’ की शुरुआत की गई है। इस पहल के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर विद्यालयों और कॉलेजों के आसपास, सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

पुलिस दीदी की टीम छात्राओं और महिलाओं के बीच पहुंचकर उनकी सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को समझेगी तथा जरूरत के अनुसार पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग करेगी। नालंदा पुलिस का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके बीच सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।

इसके अलावा पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर पुलिस के प्रति विश्वास को और सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया जाएगा। पुलिस की इस पहल से स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं को विशेष रूप से लाभ मिलने की उम्मीद है। साथ ही महिलाओं को अपनी समस्याएं पुलिस के समक्ष सहजता से रखने का अवसर मिलेगा।

नालंदा पुलिस ने इस पहल को महिला एवं बालिका सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। ‘पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड)’ के माध्यम से पुलिस और समाज के बीच समन्वय बढ़ाते हुए जिले में सुरक्षित, भरोसेमंद और महिला हितैषी पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।