नशा मुक्त भारत और देश के इतिहास को रोचक तरीके से समझाने वाली पहल पर प्रधानमंत्री ने दिया जोर
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण का रविवार को बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. सुनील कुमार के बिहारशरीफ स्थित कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक श्रवण किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने देश के इतिहास को रोचक एवं सरल तरीके से समझने में मदद करने वाली ‘BharatRajya’ वेबसाइट का विशेष उल्लेख किया। मुंबई के युवा इंजीनियर कृष्णा शेषाद्रि द्वारा विकसित इस वेबसाइट के माध्यम से लोग अलग-अलग वर्षों का चयन कर यह जान सकते हैं कि उस समय भारत के विभिन्न हिस्सों पर किसका शासन था। यह इंटरैक्टिव ऐतिहासिक एटलस 700 ईस्वी से लेकर वर्तमान समय तक के इतिहास को प्रदर्शित करता है।
प्रधानमंत्री ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान को भी गति देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे का असर केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स से नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।
कार्यक्रम के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘विकसित भारत’ और ‘नशा मुक्त भारत’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। साथ ही युवाओं के बीच नवाचार और सकारात्मक पहलों को प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर जिला मंत्री अमरेश कुमार, विधायक सहायक महेंद्र प्रसाद, शिवम् राज, बिहारशरीफ नगर उत्तरी अध्यक्ष संदीप कुमार, नगर महामंत्री मोनू कुमार, नगर उपाध्यक्ष रामजतन आर्य, बिट्टू कुमार सिंह, रविरंजन पाण्डेय, सुरेंद्र कुमार शर्मा, राजदीप कुमार, शशिकांत कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
