नालंदा : तेलमर थाना में गुंडा व चौकीदारी परेड का आयोजन

नालंदा बिहारशरीफ

थानाध्यक्ष ने निगरानी बदमाशों को दी सख्त चेतावनी, चौकीदारों को रात्रि गश्ती बढ़ाने का निर्देश

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा के पुलिस अधीक्षक हृदय कांत के निर्देश पर रविवार को तेलमर थाना परिसर में गुंडा परेड एवं चौकीदारी परेड का आयोजन किया गया। परेड की अध्यक्षता थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार ने की। गुंडा परेड के दौरान थाना क्षेत्र के निगरानी बदमाशों, सक्रिय अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों को थाने बुलाया गया। थानाध्यक्ष ने सभी को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी को अपनी गतिविधियों पर नियंत्रण रखने तथा निर्देशानुसार समय-समय पर थाने में हाजिरी लगाने को कहा।

वहीं, चौकीदारी परेड में थाना क्षेत्र के सभी चौकीदार शामिल हुए। थानाध्यक्ष ने चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि गश्ती तेज करने और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया। इसके अलावा शराब, जुआ, अवैध हथियार एवं मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा गया।

थानाध्यक्ष ने चौकीदारों से गांवों में होने वाले छोटे-बड़े विवादों की सूचना समय रहते पुलिस तक पहुंचाने की अपील की, ताकि समय रहते हस्तक्षेप कर विवाद को गंभीर रूप लेने से रोका जा सके। उन्होंने सरकारी निर्देशों का ईमानदारी से पालन करने और अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह सजग रहने को कहा।

थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस और चौकीदारों की संयुक्त जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्तव्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी, सहायक उप-निरीक्षक (सअनि) सहित पुलिसकर्मी एवं चौकीदार मौजूद रहे।