750 बोरी IPL यूरिया जब्त, ट्रक चालक एवं मालिक सहित तीन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज
बीपी डेस्क। पूर्वी चम्पारण जिले के बंजरिया प्रखंड में पूर्व से सील किए गए उर्वरक गोदाम से 700 बोरी NFL यूरिया गायब मिलने का मामला सामने आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने जिला कृषि पदाधिकारी, पूर्वी चम्पारण को निर्देश दिया है कि जिला पदाधिकारी, पूर्वी चम्पारण को अवगत कराते हुए विधिसम्मत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा 24 घंटे के भीतर की गई कार्रवाई का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।
कृषि मंत्री ने बताया कि पूर्व में मनोकामना फर्टिलाइजर्स, बंजरिया के गोदाम में 780 बोरी NFL यूरिया, 25 बोरी कैल्शियम एवं 30 बोरी सल्फर जब्त कर गोदाम को विधिवत राजकीय सील किया गया था।
दिनांक 03 सितंबर 2026 को अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, सदर मोतिहारी, थानाध्यक्ष एवं कृषि विभाग की टीम द्वारा गोदाम का निरीक्षण किया गया। जाँच के दौरान गोदाम की राजकीय सील टूटी हुई पाई गई। पूर्व में जब्त 780 बोरी NFL यूरिया में से मात्र 80 बोरी उपलब्ध मिली, जबकि 700 बोरी NFL यूरिया गायब पाई गई।
जाँच के दौरान गोदाम के बाहर खड़े ट्रक संख्या BROS GC 9294 पर लगभग 500 बोरी IPL यूरिया तथा गोदाम के अंदर लगभग 250 बोरी IPL यूरिया रखी हुई मिली। मौके पर उक्त यूरिया के संबंध में कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया। जाँच टीम द्वारा कुल 750 बोरी IPL यूरिया जब्त की गई।
मामले में अंबिका साह, पिता–रामयोध्या साह, ग्राम–लालबेगिया, पोस्ट–मिश्रावलिया, प्रखंड–चिरैया, प्रतिष्ठान–मनोकामना फर्टिलाइजर्स, बंजरिया को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। साथ ही, ट्रक संख्या BROS GC 9294 के चालक एवं मालिक को भी अभियुक्त बनाया गया है। तीनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मंत्री ने कहा कि कृषि विभाग द्वारा उर्वरक की अनियमितता एवं किसानों के हितों से जुड़े मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। किसानों को गुणवत्तायुक्त उर्वरक की सुगम एवं पारदर्शी उपलब्धता सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उर्वरक से संबंधित किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
