CWC की मीटिंग में कांग्रेस अध्यक्ष सहित वरिष्ठ नेता एवं कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री हुए शामिल

दिल्ली

सेंट्रल डेस्क। कांग्रेस की सबसे बड़ी नीति निर्धारक इकाई कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की बैठक हुई. बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं. बैठक में भूपेश बघेल, केसी वेणुगोपाल, मुकुल वासनिक, अंबिका सोनी और कुमारी शैलजा समेत कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य मौजूद हैं. कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी बैठक में बुलाया गया है.

कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूचियों को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए. खरगे ने कहा कि मोदी सरकार देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव को कमजोर कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि साजिश के तहत मतदाता सूचियों से नाम हटाए जा रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार मोदी सरकार की ‘कठपुतली’ बन गए हैं.

खरगे ने कहा कि उनके पूर्वजों ने त्याग और बलिदान से देश में मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव रखी थी. उनके मुताबिक, मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में इस नींव को ‘षड्यंत्रकारी तरीके से खोखला’ किया है. उन्होंने संविधान सभा में डॉ. भीमराव आंबेडकर के मताधिकार संबंधी विचारों का हवाला देते हुए कहा कि किसी योग्य नागरिक को किसी अधिकारी की मनमर्जी या स्थानीय प्रशासन के पूर्वाग्रह के आधार पर मतदाता सूची से बाहर नहीं किया जाना चाहिए.