बेगूसराय,विनोद कुमार। सोमवार को दिनांक-28.09.26 को देर शाम एक महिला नगर थाना, बेगूसराय में आकर एक लिखित आवेदन दिया कि उनके साथ हथियार का भय दिखाकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया और Whatsapp ग्रुप में वायरल करने तथा जान मारने की कोशिश की गयी है। प्राप्त सूचना को वरीय पदाधिकारी को देते हुए नगर थाना पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ की गयी।
पीड़िता द्वारा दिये गये आवेदन के अनुसार घटना रविवार दिनांक 27.09.26 की सुबह लगभग 07:30 बजे की है। पीड़िता स्वयं सहायता समूह के महिलाओं का ऋण तगादा करने के लिए निकली थी। रास्ते में पड़ोसी विक्रम सहनी मिला और पीडिता को झांसा देकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। आरोपी पीड़िता को अलका सिनेमा के समीप ले गया, जहाँ पहले से रोहित कुमार मौजूद था।
आरोपी पीड़िता को बातचीत के बहाने होटल ‘ब्लू डायमंड’ ले गये। होटल के कमरे में ले जाकर आरोपियों ने दरवाजा बंद कर दिया तथा चाकू का भय दिखाकर पीडिता के साथ जबरन दुष्कर्म किया और वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। पीड़िता किसी तरह जान बचाकर अपने घर पहुंची और परिजनों को बतायी।
पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल को सुरक्षित कर F.S.L टीम को सूचित किया गया है। महिला पुलिस पदाधिकारी के संरक्षण में पीड़िता का मेडिकल, सदर अस्पताल, बेगूसराय में कराया जा रहा है। नगर थाना की पुलिस टीम द्वारा घटना में संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु सघन छापामारी की जा रही है। पुलिस द्वारा विधि-सम्मत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
