दुर्गा पूजा को सौहार्दपूर्ण व सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन तत्पर, डीएम एवं एसपी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

पटना

Nalanda / Avinash pandey: आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक हृदयकांत की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीओ), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (एसडीपीओ) एवं पुलिस पदाधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता में रखते हुए आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।

​प्रशासन द्वारा सभी पूजा पंडालों के लाइसेंस निर्गमन एवं जुलूस मार्गों के समय पर सत्यापन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया। साथ ही बेहतर व्यवस्था के लिए प्रत्येक पंडाल के साथ पदाधिकारियों की टैगिंग करने तथा पूजा समितियों के सहयोग से स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

​श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंडालों में अलग प्रवेश व निकास द्वार, पर्याप्त रोशनी, सीसीटीवी निगरानी एवं सुगम यातायात प्रबंधन के निर्देश दिए गए। विसर्जन स्थलों पर समतलीकरण, बैरिकेडिंग, प्रकाश तथा सुरक्षा प्रबंधों का एसडीओ व एसडीपीओ द्वारा स्वयं स्थल निरीक्षण कर पूर्व सत्यापन करने को कहा गया है।

संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष गश्ती

इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती और सोशल मीडिया पर सकारात्मक व तथ्यात्मक सूचनाओं के त्वरित संप्रेषण के माध्यम से जिले में सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की बात कही गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को पूजा के प्रारंभ से लेकर विसर्जन की समाप्ति तक पूरी सजगता, संवेदनशीलता और सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से सघन वाहन चेकिंग, मद्यनिषेध (शराबबंदी) की प्रभावी निगरानी एवं प्रमुख स्थलों पर फ्लैग मार्च आयोजित कर आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत करने पर बल दिया।

​जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पूजा पंडालों और मेला परिसरों में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा सहूलियत का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके साथ ही डिजिटल एवं सोशल मीडिया की सतत निगरानी करते हुए किसी भी प्रकार की तथ्यहीन, भ्रामक अथवा अपुष्ट सूचनाओं के प्रसार पर प्रभावी रोक लगाने तथा समय पर सही व तथ्यात्मक जानकारी साझा करने के निर्देश दिए गए।

अंधेरे वाले क्षेत्रों) में पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था पर जोर: SP
पुलिस अधीक्षक पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पंडालों व प्रमुख मार्गों के आसपास चिन्हित डार्क एरिया (अंधेरे वाले क्षेत्रों) में पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था होनी चाहिए। सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सघन वाहन चेकिंग चलाने, तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाने (रैश ड्राइविंग) वालों पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा पंडाल परिसरों में अग्निशमन उपकरणों (फायर एक्सटिंग्विशर) एवं दमकल की गाड़ियों को हर समय कार्यशील व तत्पर रखने के निर्देश दिए।