Biharsharf/ Avinash pandey: बिंद थाना क्षेत्र के उच्च माध्यमिक विद्यालय अलीपुर में तीन दिनों की छुट्टी के बाद सोमवार को स्कूल खुलने पर चोरी की घटना सामने आई। अज्ञात चोर स्कूल से कंप्यूटर, प्रिंटर, एम्पलीफायर, साउंड बॉक्स, माइक और दो हॉर्न यूनिट समेत कई इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर ले गए। इसके अलावा करीब 10 हजार रुपये नकद तथा इको क्लब के टी-शर्ट और ट्राउजर भी चोरी होने की बात सामने आई है।
सोमवार सुबह विद्यालय के कर्मचारी स्कूल पहुंचे तो कई सामान गायब मिले। इसके बाद घटना की सूचना बिंद थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी। साक्ष्यों से छेड़छाड़ न हो, इसके लिए पुलिस ने लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी।
बताया जा रहा है कि तीन दिनों से विद्यालय बंद था। इसी दौरान चोरों ने स्कूल को निशाना बनाया। विद्यालय में रात के समय चौकीदार की तैनाती होने के बावजूद चोरी की घटना होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। बताया गया कि पिछले दो वर्षों में विद्यालय में चोरी की यह दूसरी घटना है।
बिंद थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने बताया कि विद्यालय की ओर से अभी लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
