-बेदा से मोकर तक 2-लेन बाईपास बनने से शहर की यातायात व्यवस्था होगी सुगम, ‘रोहतास जल संजीवनी’ अभियान का भी शुभारंभ
सासाराम, अरविन्द कुमार सिंह। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को रोहतास जिले के सासाराम में 122.39 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित 2-लेन सासाराम बाईपास पथ का लोकार्पण किया। बेदा से मोकर तक सिंचाई नहर के बांध पर आरओबी/पुल सहित निर्मित इस बाईपास का शिलापट्ट अनावरण कर मुख्यमंत्री ने इसे आम लोगों को समर्पित किया। बाईपास के चालू होने से सासाराम शहर में यातायात का दबाव कम होने और लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।
लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने कायाकल्प अभियान के तहत सासाराम बाईपास के समीप जीर्णोद्धार किए गए पोखर का निरीक्षण किया। उन्होंने पोखर के जीर्णोद्धार, साफ-सफाई और जल संरक्षण से संबंधित कार्यों की जानकारी अधिकारियों से ली। साथ ही जलस्रोतों के नियमित रखरखाव और संरक्षण को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
जलस्रोतों के संरक्षण के लिए ‘रोहतास जल संजीवनी’ शुरू
मुख्यमंत्री ने इसी अवसर पर कायाकल्प अभियान के तहत ‘रोहतास जल संजीवनी’ अभियान का शुभारंभ किया। अभियान के तहत जिले के तालाब, पोखर, जलाशय और अन्य पारंपरिक जलस्रोतों का जीर्णोद्धार, साफ-सफाई एवं नियमित रखरखाव किया जाएगा। इसका उद्देश्य वर्षा जल का अधिक से अधिक संग्रहण एवं संरक्षण करते हुए जिले के महत्वपूर्ण जलस्रोतों को पुनर्जीवित करना है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलस्रोतों की नियमित साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। तालाबों, पोखरों एवं जलाशयों को अतिक्रमण और प्रदूषण से मुक्त रखने के साथ इनके संरक्षण में स्थानीय लोगों की सहभागिता भी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जलस्रोतों का संरक्षण और पुनर्जीवन वर्तमान के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री सह रोहतास जिले के प्रभारी मंत्री अशोक चौधरी, उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, विधायक वशिष्ठ सिंह, विधायक मुरारी प्रसाद गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, शाहाबाद प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ. सत्य प्रकाश, जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक राज सहित अन्य वरीय अधिकारी भी मौजूद थे।
