बीपी डेस्क। गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 104 में से 90 सीटों पर जीत दर्ज की है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, इस जीत से साफ है कि गुजरात की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मजबूती से खड़ी है. अमित शाह ने गांधीनगर नगर निगम के चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी ने 44 में से 38 सीटों पर जीत हासिल की है.
उन्होंने दावा किया कि पिछले चुनाव के मुकाबले नगर निगम में बीजेपी का वोट शेयर 10 प्रतिशत बढ़ा है. वहीं, आम आदमी पार्टी ने सभी 32 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन हर सीट पर उसकी जमानत जब्त हो गई. अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि गुजरात में कांग्रेस को आखिरी बार 1985 में चुनावी जीत मिली थी. इसके बाद पार्टी लगातार चुनाव हारती रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस स्थिति पर आत्ममंथन करने की जरूरत है.
शाह ने राहुल गांधी के एसआईआर (SIR) से जुड़े बयानों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को एसआईआर से जोड़कर खारिज करते हैं. अमित शाह ने सवाल किया कि क्या गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजे भी एसआईआर का परिणाम हैं?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी चुनावी हार के कारणों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए. अमित शाह ने पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में हुए उपचुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस इन तीनों राज्यों में एक भी सीट नहीं जीत सकी. उन्होंने दावा किया कि इन नतीजों से भी कांग्रेस की चुनावी स्थिति का पता चलता है.
शाह के अनुसार, नौगांव में बीजेपी उम्मीदवार ने 1.42 लाख वोटों के अंतर से जीत दर्ज की और कांग्रेस से सीट छीन ली. नंदीग्राम में बीजेपी उम्मीदवार को 76 प्रतिशत वोट मिले और उन्होंने 1.22 लाख वोटों के अंतर से जीत हासिल की.
