ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़, 82 पुड़िया नशीले पदार्थ के साथ चार गिरफ्तार

नालंदा

बिहारशरीफ/अविनाश पांडेय। मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी के एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। लहेरी थाना पुलिस और नालंदा साइबर थाना की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से ब्राउन शुगर की 82 पुड़िया, कुल वजन 42.72 ग्राम (कागज सहित), और सात मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 की सुबह गुप्त सूचना मिली कि बिहारशरीफ के शिवपुरी मोहल्ले में अनेंट फिटनेस जिम के पास स्थित एक किराये के मकान में कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, बिहारशरीफ की मौजूदगी में पुलिस टीम ने चिह्नित मकान पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश कर रहे तीन युवकों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान अंकुश कुमार के पास से ब्राउन शुगर की 82 पुड़िया बरामद की गईं। इसके बाद गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कथित मुख्य सप्लायर नीतीश कुमार उर्फ नाटा को नालंदा थाना क्षेत्र के गिद्धि पोखर के समीप से गिरफ्तार किया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, गिरोह आरा, भोजपुर से थोक में ब्राउन शुगर मंगवाता था। इसके बाद स्थानीय स्तर पर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ग्राहकों को बेचा जाता था। बरामद सात मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस इनके जरिए तस्करी के नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी जुटा रही है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अंकुश कुमार (23), निवासी शेखोपुर, थाना दीपनगर; हर्ष राज (19), निवासी पतुआना, थाना बिहार; मंटू कुमार (23), निवासी महमदपुर, थाना गिरियक; और नीतीश कुमार उर्फ नाटा (23), निवासी मेहद्दीनगर, थाना नालंदा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, नीतीश कुमार उर्फ नाटा कथित रूप से गिरोह का मुख्य आपूर्तिकर्ता है।

छापेमारी दल में लहेरी थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय, पुलिस अवर निरीक्षक रितु रंजन, नीतीश रंजन और चंदन कुमार तथा नालंदा साइबर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक शैलेश कुमार झा सहित दोनों थानों के सशस्त्र बल शामिल थे।

पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले की जांच की जा रही है तथा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।