- 2026 में अब तक 113 ट्रैप मामलों में 113 आरोपी गिरफ्तार
विक्रांत। बिहार के सतर्कता अन्वेषण ब्यूरो (वीआईबी) ने शुक्रवार को बक्सर जिले में 50 हजार रुपये रिश्वत लेते एक पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) को गिरफ्तार किया। इस मामले को लेकर निगरानी ब्यूरो के डीजी श्री जितेंद्र सिंह गंगवार ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि ब्यूरो की टीम ने बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक नीरज कुमार को थाना स्थित उनके कमरे से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
डीजी ने बताया कि बक्सर जिले के बलुआ गांव निवासी शिकायतकर्ता अमरनाथ कुमार यादव ने ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी नीरज कुमार ब्रह्मपुर थाना में उनकी मां द्वारा 1 सितंबर, 2026 को दर्ज कराए गए आपराधिक मामले में उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई करने के एवज में 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायतकर्ता की मां के साथ कुछ उपद्रवियों ने मारपीट की थी।
शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर पटना स्थित सतर्कता अन्वेषण ब्यूरो के वरिष्ठ पुलिस उपाधीक्षक विनोद कुमार की निगरानी में छापेमारी के लिए एक टीम गठित की गई। ब्यूरो की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी से पूछताछ के बाद उसे पटना स्थित विशेष सतर्कता न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
सतर्कता के डीजी जेएस गंगवार ने कहा कि ब्यूरो ने वर्ष 2025 के अपने ही रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। प्राथमिकी दर्ज करने, ट्रैप की कार्रवाई करने और रिश्वत लेते अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गिरफ्तार करने के मामले में ब्यूरो ने नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि ब्यूरो की टीम के सामूहिक प्रयास और भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के कारण यह उपलब्धि हासिल हुई है।
श्री गंगवार ने बताया कि ब्यूरो ने इस वर्ष 15 अक्टूबर तक कुल 124 प्राथमिकी दर्ज की हैं, जबकि वर्ष 2025 में पूरे साल 122 प्राथमिकी दर्ज की गई थीं। इसी तरह, इस वर्ष अब तक 113 ट्रैप की कार्रवाई की गई है, जबकि वर्ष 2025 में 101 ट्रैप किए गए थे। उन्होंने बताया कि चालू वर्ष में अब तक ट्रैप के मामलों में 39,17,400 रुपये की बरामदगी हुई है। इसके अलावा रिश्वत के रूप में दी गई 37 हजार रुपये मूल्य की एक नई वाशिंग मशीन भी जब्त की गई है। वहीं, वर्ष 2025 में 101 ट्रैप मामलों में कुल 37.80 लाख रुपये की बरामदगी हुई थी।
