Horoscope Today : आइए विस्तार से जानते हैं आपका आज का राशिफल

राशिफल

मेष
मेष राशि के जातकों के लिए आज सुबह का समय भाग्य की पिच बल्लेबाज के पक्ष में है। चंद्रदेव भाग्य भाव में हैं। किसी बुजुर्ग या गुरु की सलाह से अपने कार्यक्षेत्र पर सीधा चौका लगाने की कोशिश करें। दोपहर में साझेदारी के मामले में थोड़ी सावधानी के साथ चलें। पलटकर गुस्से में जवाब न दें। सूर्य, बुध और शुक्र सातवें भाव में हैं, जिसकी वजह से जीवनसाथी के साथ व्यवहार में नरमी रखें। शाम को चंद्रदेव करियर भाव में जाएंगे, जिससे छुट्टी के बावजूद काम की सोच हावी रह सकती है। बारहवें भाव में शनिदेव खर्च पर दबाव बढ़ा रहे हैं। इसलिए खर्च को संभालकर करें। रविवार को पिता जी या घर के बड़ों के साथ कुछ समय जरूर बिताएं। अष्टमी पर मां महागौरी का स्मरण करें।

वृषभ
वृषभ राशि वालों को आज सेहत का खास ध्यान रखना चाहिए। लग्नेश शुक्रदेव वक्री होकर सेहत भाव में सूर्य और बुध के साथ हैं। सुबह की सैर और समय पर नाश्ता जरूरी है। एसिडिटी या त्वचा की शिकायत हो, तो अनदेखी न करें। किसी पुरानी बकाया रकम यानी दिए गए कर्ज पर चर्चा हो सकती है। मगर, इसके लिए रविवार को अपनी तरफ से पहल न करें। सोमवार तक के लिए मामले को टाल दें। दोपहर तक चंद्रदेव गुप्त भाव में हैं, इसलिए अनजान लिंक, फोन पर आए इनाम और जल्दी पैसे वाली स्कीम के झांसे से बचें। शाम को चंद्रदेव भाग्य भाव में जाएंगे। किसी गुरु या बड़े की मदद से मन हल्का होगा। स्क्रीन टाइम कम करें। बाजार का तला भुना कम खाएं। रविवार को परिवार के साथ भोजन करें।

मिथुन
मिथुन राशि वालों के लिए सुबह 7:28 से 9:16 बजे तक अमृत काल शुभ रहेगा। किसी परीक्षा की तैयारी, ऑनलाइन कोर्स, लेखन या बच्चों के साथ कला का काम इसी समय शुरू करें। पंचम भाव में सूर्य, बुध और शुक्र आपका आत्मविश्वास बढ़ा रहे हैं। दोपहर में चंद्रदेव सातवें भाव में गोचर करते हुए जीवनसाथी या बिजनेस पार्टनर से बात बनेगी। अपनी जिद छोड़कर सुनना पड़ेगा। शाम 7:33 बजे के बाद चंद्रदेव आठवें भाव में गोचर करेंगे, इसलिए देर रात की यात्रा, अनजान जगह पर पैसों का लेन-देन और बहस से बचें। रविवार को घर के बड़ों से बात करना मन को हल्का करेगा।

कर्क
कर्क राशि वालों के लिए रविवार को सूर्यदेव सुख भाव में हैं। घर के माहौल में राजसी फीलिंग आएगी। पिता जी या घर के बड़ों की बात सुनने से घर में सम्मान बढ़ेगा। न सुनने पर थोड़ी गहमा-गहमी हो सकती है। रिश्तेदार से पुराने हिसाब किताब की बात आज न छेड़ें। दोपहर तक चंद्रदेव छठे भाव में हैं। दिनचर्या में नियम रखें। ठंडा और बासी खाना न खाएं। सर्दी-जुकाम का ध्यान रखें। शाम के बाद चंद्रदेव सातवें भाव में गोचर करेंगे। जीवनसाथी के साथ बैठकर बात करना शुभ रहेगा। किसी पानी वाली जगह पर घूमने भी जा सकते हैं। लग्न पर मंगलदेव और गुरुदेव का साथ आपको काम करने में हिम्मत और समझ दोनों देंगे।

सिंह
सिंह राशि वालों के लिए आज रविवार को सूर्यदेव का अपना दिन है और आपके लग्नेश भी वही हैं। इसलिए आप ही आज के हीरो हैं। सूर्यदेव तीसरे भाव में नीच राशि में हैं, पर नीचभंग राजयोग है। इसलिए दिन का पहला हिस्सा थोड़ा धीमा चलेगा, फिर काम रफ्तार पकड़ेंगे। दोस्त, सहकर्मी और सोशल मीडिया के संपर्क आपके काम में सहायक साबित होंगे। उनसे मिलकर काम आसान होगा, पर किसी की बुराई सुनकर पूरी राय न बना लें। दोपहर तक चंद्रदेव पंचम भाव में रहेंगे, बच्चों और पढ़ाई से खुशी मिलेगी। शाम 7:33 बजे छठे भाव में जाएंगे, तब थकान का एहसास हो सकता है। उधार या कर्ज लेने से बचें। प्रतिद्वंद्वियों पर नजर रखें। काम में जल्दबाजी करने और घमंड दिखाने से बचें। वाहन चलाने में सावधानी बरतें।

कन्या
कन्या राशि वालों को आज आवश्यकता है मीठी वाणी बोलने की। धन भाव में सूर्य, बुध और शुक्र की युति से लाभ मिलेगा। जल्दबाजी करने से बचें। आज खासकर उधार लेकर कोई बड़ी खरीदारी न करें। सुबह चंद्रदेव सुख भाव में गोचर कर रहे हैं इसलिए माता जी से बात करने में सुकून मिलेगा। घर में आपको कंफर्ट जोन का एहसास होगा। घर के छोटे सामान या कागज रखकर भूलने का डर है, इसलिए जरूरी चीजें एक जगह रखें। लाभ भाव में गुरुदेव और मंगलदेव का गोचर दोस्तों और बड़े भाई बहन से कमाई का रास्ता खोल सकता है। साझेदारी के काम में बहस न करें। जीवनसाथी से ऊंची आवाज में बात न करें। मीठा, तला भुना खाने पर थोड़ा काबू रखें। शाम का समय संतान के साथ बिताएं।

तुला
तुला राशि वालों के लिए आज कुछ अलग दिखने का मन करेगा। नया लुक ट्राय कर सकते हैं। सूर्य, बुध और वक्री शुक्र लग्न पर गोचर करते हुए आपके आकर्षण को बढ़ा रहे हैं। चीजों को लेकर आपकी राय बार-बार बदलेगी, इसलिए कीमती खरीदारी कल पर टाल दें। आज मन किसी की मदद करने के लिए प्रेरित कर सकता है। जहां तक संभव हो आप ऐसा करें, लेकिन किसी की जमानत या गारंटी देने से बचें, वर्ना बाद में परेशानी होगी। दोपहर तक चंद्रदेव तीसरे भाव में गोचर करेंगे। लिहाजा, छोटे भाई बहन से फोन पर बात करने का अच्छा मौका रहेगा। किसी जगह घूमने भी जा सकते हैं। शाम का समय आराम करने में बिताएं। माता जी के साथ समय बिताने से मानसिक शांति मिलेगी।

वृश्चिक
वृश्चिक राशि वालों के लिए आज लग्नेश मंगलदेव गुरुदेव के साथ नौवें भाव में हैं। पिता या गुरु का साथ और मार्गदर्शन जीवन को आनंदित करेगा। पिता जी का हालचाल जरूर लें। धार्मिक स्थल से जुड़ी अच्छी खबर मिल सकती है। किसी यात्रा में जाने का योग बन सकता है। दोपहर तक चंद्रदेव धन भाव में हैं, परिवार में मीठी बात से पैसों का मसला सुलझेगा। धन को लेकर कोई चिंता नहीं रहेगी। फिर शाम को चंद्रदेव पराक्रम भाव में जाएंगे, तब छोटे भाई-बहन से बात करें। परिवार के साथ कहीं घूमने जाने का प्लान बना सकते हैं। बारहवें भाव में सूर्य, बुध और शुक्र हैं। किसी मरीज को दवा का दान करें। अस्पताल या दान पर अचानक खर्च निकल सकता है। घर से जुड़ी किसी अफवाह पर ध्यान न दें। रात को समय पर सोएं।

धनु
धनु राशि वालों के लिए लग्न पर चंद्रदेव गोचर कर रहे हैं। यानी आज आपका रास्ता साफ है और आत्मविश्वास ऊंचा रहेगा। शाम को चंद्रदेव का गोचर धन भाव में मकर राशि में होगा। तब वाणी मीठी रखें और खर्च का हिसाब बनाएं। सूर्य, बुध और शुक्र के गोचर से दोस्तों, ग्राहकों और ऑनलाइन काम से कमाई के नए रास्ते खुल रहे हैं। आगे चौथे भाव में वक्री शनिदेव घर में पानी, बिजली या पुराने सामान की मरम्मत कराने के काम को न टालने के लिए कह रहे हैं। आठवें भाव में मंगल और गुरु के कारण स्पीड ब्रेकर है। बीमा, वसीयत या पुराने विवाद से जुड़े किसी कागज को पूरा पढ़कर ही हस्ताक्षर करें और बिना सोचे कोई वादा न कर बैठें। रविवार को देर तक सोना सुस्ती बढ़ाएगा, इसलिए सुबह की सैर करें।

मकर
मकर राशि वालों के लिए आज के दिन की मांग ईमानदार मेहनत की है। करियर भाव में सूर्य, बुध और शुक्र आपके काम को परख रहे हैं। इसलिए रविवार को छुट्टी होने के बाद भी आप ऑफिस के किसी काम, अधूरी फाइल या रिपोर्ट को पूरी करने में समय दे सकते हैं। वरिष्ठ आपकी राय पूछ सकते हैं। लग्नेश शनिदेव पराक्रम भाव में गोचर करते हुए आपको हिम्मत और धैर्य देंगे। इसलिए छोटी यात्रा या नई जिम्मेदारी से पीछे न हटें। दोपहर तक चंद्रदेव बारहवें भाव में हैं, जो नींद, खर्च और अकेलेपन की चिंता बढ़ा सकते हैं। इसलिए खाली बैठने की जगह कुछ पढ़ें या घर की सफाई करें। शाम को चंद्रदेव आपके लग्न पर आकर मन को हल्का और व्यक्तित्व को निखारने का काम करेंगे। रविवार के आलस में जरूरी काम या किसी को फोन करना न टालें।

कुंभ
कुंभ राशि के जातकों को आज दोपहर तक लाभ के मौके मिलेंगे। भाग्य भाव में सूर्य, बुध और शुक्र की युति बड़ों और गुरु की सलाह से दिन की अच्छी शुरुआत के मौके देगी। दोपहर तक चंद्रदेव लाभ भाव में हैं, दोस्तों और बड़े ग्राहकों से लाभ मिलेगा। कहीं फंसी हुई या अटकी हुई रकम मांगने के लिए भी समय ठीक रहेगा। शाम 7:33 के बाद चंद्रदेव बारहवें भाव में जाएंगे। खर्च को कंट्रोल करें वर्ना बेवजह के खर्च आपकी परेशानी बढ़ा सकते हैं। राहु लग्न पर हैं, इसलिए सोशल मीडिया पर बहस और अफवाह में उलझने से बचें। किसी पोस्ट पर बिना सोचे जवाब न दें। लग्नेश शनिदेव धन भाव में हैं, बचत की आदत मजबूत रखें। जीवनसाथी के साथ तालमेल बनाए रखें। किसी बड़े सौदे में अनजान व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।

मीन
मीन राशि के जातकों के लिए बड़ी खबर यह है कि शनिदेव आपके लग्न पर वक्री चल रहे हैं। वह धैर्य की परीक्षा लेंगे। इसलिए सुस्ती और जिद आपकी दिन की कहानी बिगाड़ सकते हैं। चंद्रदेव आपके करियर के भाव में गोचर के बाद शाम 7:33 बजे लाभ भाव में जाएंगे। इसलिए व्यापार-व्यवसाय करने वाले जातकों को दिन में लाभ मिलेगा और शाम को दोस्तों और बड़े संपर्कों से बड़ी आमदनी हो सकती है। आठवें भाव में तीन ग्रहों की युति अचानक मेडिकल खर्च करा सकती है। किसी पुरानी बीमारी की जांच को टालें नहीं। किसी से जल्दबाजी में कोई वादा न करें। अकेले बैठकर बीती बातें पर जरूरत से ज्यादा सोचने और चिंता करने से बचें।