अभिनेता पवन सिंह नही पेश हुए बलिया कोर्ट में, लगा 3 हजार रुपये का हर्जाना, पत्नी ने जताई नाराजगी

पटना

बीपी डेस्क। भोजपुरी अभिनेता और भाजपा एमएलसी पवन सिंह एक बार फिर पत्नी ज्योति सिंह से जुड़े मामले में बलिया कोर्ट में पेश नहीं हुए. इस पर कोर्ट ने उन पर 3 हजार रुपये का हर्जाना लगाया है. सुनवाई के बाद ज्योति सिंह ने नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि पवन सिंह बार-बार कोर्ट में पेश नहीं हो रहे हैं. उन्हें हर बार अगली तारीख मिल जाती है. ज्योति ने कहा, “उन्होंने कोर्ट का भी मजाक बनाकर रखा है. मुझे बस कोर्ट पर विश्वास है.” यह मामला पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच तलाक और गुजारा भत्ता से जुड़ा है. शनिवार को हुई सुनवाई में ज्योति सिंह कोर्ट पहुंचीं, लेकिन पवन सिंह अनुपस्थित रहे. कोर्ट ने उन्हें अगली सुनवाई के लिए 12 नवंबर की तारीख दी है.

वहीं ज्योति सिंह ने कहा कि वह आज भी पवन सिंह के साथ रहना चाहती हैं. अगर पवन सिंह उन्हें साथ नहीं रखना चाहते, तो उन्हें गुजारा भत्ता दिया जाए. ज्योति ने कहा कि उन्हें न्यायालय पर भरोसा है और वह वहीं से न्याय की उम्मीद कर रही हैं. ज्योति सिंह के वकील अखिलेश सिंह ने बताया कि पिछली सुनवाई में भी पवन सिंह को कोर्ट में पेश होने का निर्देश दिया गया था. इस बार भी उनके अनुपस्थित रहने पर कोर्ट ने अगली तारीख पर व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आखिरी मौका दिया है.

जबकि पवन सिंह के वकील हरिवंश सिंह ने उनकी मां के मेडिकल दस्तावेज कोर्ट में जमा किए. साथ ही मीडिएशन के लिए आवेदन भी दिया गया. इस पर ज्योति सिंह ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि इस बार भी उनकी मां की तबीयत खराब होने का हवाला दिया गया है. ज्योति के मुताबिक, उन्होंने अपने भाई को भेजा था और उनकी मां अगले ही दिन अस्पताल से डिस्चार्ज हो गई थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि पवन सिंह की ओर से बार-बार बीमारी का कारण बताया जा रहा है.

इससे पहले 5 अक्टूबर को भी पवन सिंह को बलिया कोर्ट में पेश होना था. वह उस दिन भी अदालत नहीं पहुंचे थे. उनके वकील की ओर से उनकी मां की तबीयत खराब होने की जानकारी दी गई थी. इसके बाद कोर्ट ने पवन सिंह पर 1 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था. उस सुनवाई में कोर्ट ने पवन सिंह को अगली तारीख पर व्यक्तिगत रूप से पेश होने का अंतिम मौका दिया था. वहीं, समय पर सबूत नहीं देने के मामले में ज्योति सिंह पर भी 500 रुपये का हर्जाना लगाया गया था.

बता दें कि ज्योति सिंह ने 22 अप्रैल 2022 को बलिया फैमिली कोर्ट में भरण-पोषण के लिए याचिका दाखिल की थी. इससे पहले पवन सिंह ने बिहार के आरा स्थित फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दी थी. दोनों के बीच विवाद सुलझाने के लिए कोर्ट ने काउंसिलिंग की कोशिश भी की. हालांकि, इससे कोई समाधान नहीं निकल सका. अब इस मामले में अगली सुनवाई 12 नवंबर को होगी.