बिहारशरीफ। शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर रविवार को बिहारशरीफ में मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सुबह से ही शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
शहर के पुलपर, भैंसासुर, रामचंद्रपुर, मोहद्दीनगर, नईसराय, अंबेर, सोहसराय, भरावपर, लहेरी मोहल्ला, चौखंडीपर, खंदकपर, भुसट्टा, कंटाही मोहल्ला, पंडित गली, सालूगंज, निमगंज, महलपर, कटरापर और सब्जी बाजार समेत कई इलाकों में आकर्षक पूजा पंडाल बनाए गए हैं। रंग-बिरंगी बिजली की लाइटों और आकर्षक सजावट से पंडालों की खूबसूरती देखते ही बन रही है। शाम होते ही इन पंडालों को देखने और मां दुर्गा के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। पूरे शहर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
पंडित दीपक कुमार पांडे ने बताया कि मां महागौरी की पूजा-अर्चना करने से सुख, सौभाग्य और समृद्धि की प्राप्ति होती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए माता पार्वती ने कठोर तपस्या की थी। तपस्या के कारण उनका रंग काला पड़ गया था। भगवान शिव के प्रसन्न होने पर उन्हें गौर वर्ण प्राप्त हुआ, जिसके बाद वे मां महागौरी कहलाईं।
वहीं, दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूजा पंडालों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकें।
