सिपाही अजीत कुमार हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा करने वाले दो थानाध्यक्ष सम्मानित, एसपी ने दिए 500-500 रुपये

नालंदा

बिहारशरीफ।अविनाश पांडेय नालंदा जिले में एक्साइज विभाग के ईआईबी सिपाही अजीत कुमार हत्याकांड का महज 24 घंटे के अंदर खुलासा करने वाली एसआईटी में शामिल दो पुलिस पदाधिकारियों को पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने सम्मानित किया है। दोनों अधिकारियों को 500-500 रुपये की नकद राशि देकर उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना की गई। सम्मानित होने वालों में कतरीसराय थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार और पावापुरी थानाध्यक्ष गौरव कुमार सिंह शामिल हैं।

इस सनसनीखेज हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने घटना के दिन ही विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। टीम का नेतृत्व राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता कर रहे थे। एसआईटी ने वैज्ञानिक साक्ष्य, तकनीकी अनुसंधान और त्वरित कार्रवाई के जरिए महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया।

मामले में सब-इंस्पेक्टर पुष्पा कुमारी मुख्य नामजद आरोपी हैं। पुलिस ने इस मामले में पुष्पा कुमारी समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना पावापुरी थाना क्षेत्र के गिरियक में हुई थी। इस संबंध में 15 अक्टूबर को हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस के अनुसार, घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए अनुसंधान में तेजी लाई गई और विभिन्न साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियों को जोड़ा गया। एसआईटी की त्वरित कार्रवाई से हत्याकांड के खुलासे में मदद मिली।

पुलिस पदाधिकारियों के उत्कृष्ट कार्य और मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से एसपी कार्यालय की ओर से जिलादेश जारी कर दोनों थानाध्यक्षों को नकद पुरस्कार दिया गया। एसपी हृदयकांत ने उनके कार्य और त्वरित अनुसंधान को सराहनीय बताया। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।