Biharsharif / Avinash pandey : बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक एवं पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए गुरुवार, 23 अक्टूबर 2026 को नालंदा जिले में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। जिले के सभी 20 प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसरों में बनाए गए 57 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिले में कुल 34,551 मतदाता पंजीकृत थे।
मतदान के दौरान पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 55.04 प्रतिशत, जबकि पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 79.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल सहित अन्य बुनियादी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई थीं।
हरनौत में बनाए गए तीन मतदान केंद्रों पर भी सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। प्रखंड कार्यालय के कार्मिक कक्ष, प्रमुख चैंबर और पीएम आवास कार्यालय में बूथ बनाए गए थे। शुरुआती घंटों में मतदाताओं की संख्या कम रही, लेकिन समय बीतने के साथ मतदान केंद्रों पर भीड़ बढ़ती गई।
आईजी जितेंद्र राणा ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
पटना रेंज के आईजी जितेंद्र राणा मतदान समाप्त होने से पहले बिहारशरीफ प्रखंड मुख्यालय पहुंचे और मतदान प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है और पूरी प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
डीएम और एसपी ने कई केंद्रों का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी उदिता सिंह और पुलिस अधीक्षक हृदयकांत कुमार ने सरमेरा, अस्थावां और बिहारशरीफ क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और निर्वाचन संबंधी तैयारियों का जायजा लिया।
डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने और मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। वहीं, एसपी ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने और मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
