हिलसा में 2395.7 लीटर जब्त शराब और स्प्रिट को किया गया नष्ट

बिहारशरीफ

विभिन्न थानों में जब्त देशी-विदेशी शराब और स्प्रिट का अधिकारियों की निगरानी में हुआ विनष्टीकरण

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय अनुमंडल कार्यालय के पास विभिन्न थानों में जब्त की गई कुल 2395.7 लीटर शराब और स्प्रिट को नष्ट किया गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में निर्धारित नियमों के अनुसार की गई। शराब को गड्ढा खोदकर नष्ट किया गया, ताकि उसका दोबारा इस्तेमाल नहीं हो सके।

मद्य निषेध थाना अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी के दौरान कुल 348.9 लीटर देशी शराब, 497.6 लीटर विदेशी शराब और 1194 लीटर स्प्रिट जब्त की गई थी। इनमें हिलसा मद्य निषेध थाना से 178.5 लीटर देशी और 497.6 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई थी। वहीं, हिलसा थाना क्षेत्र से 95.1 लीटर देशी शराब और 1194 लीटर स्प्रिट बरामद की गई थी।

इसके अलावा एकंगरसराय थाना से 6.2 लीटर, तेल्हाड़ा से 12.4 लीटर, नगरनौसा से 26.5 लीटर, आंगारी पीर बिगहा ओपी से 5 लीटर, परवलपुर से 17.2 लीटर और चंडी थाना से 8 लीटर देशी शराब जब्त की गई थी।

शराब विनष्टीकरण की प्रक्रिया के दौरान मजिस्ट्रेट के रूप में आरो सुभाष कुमार चौधरी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि जब्त शराब को तय नियमों के तहत नष्ट किया गया है।

इस मौके पर हिलसा थानाध्यक्ष चंद्रभानु, उत्पाद थाना के पुलिस पदाधिकारी निरंजन कुमार सहित संबंधित थानों के मामलों के अनुसंधानकर्ता मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए छापेमारी और अन्य कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Tagged