बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : दीपावली, धनतेरस और छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समाहरणालय स्थित हरदेव भवन में जिलाधिकारी उदिता सिंह और पुलिस अधीक्षक हृदयकांत की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था, भूमि विवाद, मद्यनिषेध, अवैध खनन, नीलाम पत्र वादों और सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने और पर्वों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।
भूमि विवाद और लंबित मामलों के निष्पादन पर जोर
बैठक में भूमि विवाद से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। नीलाम पत्र वादों की समीक्षा के दौरान बिहारशरीफ और परवलपुर में लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
अवैध शराब और खनन के खिलाफ कार्रवाई
मद्यनिषेध के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पुलिस एवं उत्पाद विभाग की कार्रवाई की समीक्षा की गई। अधिकारियों को अवैध शराब के विरुद्ध सूचना के आधार पर समन्वित कार्रवाई करने और संबंधित मामलों में नियमानुसार प्रक्रिया समय पर पूरी करने को कहा गया। अवैध खनन पर निगरानी बनाए रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सड़क सुरक्षा को लेकर भी निर्देश
सड़क सुरक्षा की समीक्षा के दौरान दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान, यातायात संकेतकों की उपलब्धता और निर्धारित गति सीमा का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को सड़क संकेतकों पर सरल हिंदी में स्पष्ट सूचनाएं अंकित कराने तथा सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया, ताकि हादसों में कमी लाई जा सके।
छठ घाटों पर समय से पूरी होंगी व्यवस्थाएं
आगामी छठ पर्व को देखते हुए घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में विभिन्न अनुमंडलों के प्रमुख घाटों पर संभावित श्रद्धालुओं की संख्या और उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी उदिता सिंह ने कहा कि वह शीघ्र ही छठ घाटों का निरीक्षण करेंगी। इसे देखते हुए संबंधित पदाधिकारी घाटों की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर लें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
दुर्गापूजा के शांतिपूर्ण आयोजन की सराहना
बैठक के अंत में डीएम और एसपी ने दुर्गापूजा के शांतिपूर्ण आयोजन में योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों की सराहना की। उन्होंने आगामी दीपावली, धनतेरस और छठ पर्व के दौरान भी इसी तत्परता, समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि सभी पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सकें।
