डीएम की जन-सुनवाई में 28 फरियादियों ने रखीं समस्याएं, जमीन और अतिक्रमण के मामले छाए

बिहारशरीफ

रास्ता अवरुद्ध करने से लेकर फर्जी जमाबंदी और अवैध निर्माण तक की शिकायतें पहुंचीं, संबंधित अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई का निर्देश

बिहारशरीफ, अविनाश पांडे । जिलाधिकारी उदिता सिंह ने शुक्रवार को आयोजित जन-सुनवाई कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 28 फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, अतिक्रमण, रास्ता अवरुद्ध करने, जमाबंदी में अनियमितता और अवैध निर्माण से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया।

जन-सुनवाई के दौरान गिरियक अंचल के पुरैनी पंचायत स्थित वार्ड संख्या-3 में मुख्य सड़क से जुड़ने वाले रास्ते को अवरुद्ध किए जाने की शिकायत की गई। इसके अलावा भूमि की मापी कराने, फर्जी जमाबंदी के शुद्धिकरण एवं रद्दीकरण तथा रजिस्ट्री में दर्ज जमीन से अधिक भूमि पर विपक्षी पक्ष द्वारा अवैध निर्माण किए जाने के मामले भी सामने आए। निजी जमीन के सामने स्थित गैरमजरूआ भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत भी फरियादियों ने रखी।

पुरैनी पंचायत के वार्ड संख्या-3 में रास्ता अवरुद्ध किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण विकास विभाग, बिहारशरीफ को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

वहीं, भूमि मापी, फर्जी जमाबंदी के शुद्धिकरण एवं रद्दीकरण तथा गैरमजरूआ भूमि पर अतिक्रमण से संबंधित मामलों के निष्पादन के लिए प्रभारी पदाधिकारी, जिला राजस्व शाखा को निर्देशित किया गया। रजिस्ट्री में दर्ज भूमि से अधिक जमीन पर किए जा रहे अवैध निर्माण को रोकने और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, राजगीर को निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों की गंभीरता से जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।