मोतिहारी, राजन दत्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी की। इस किस्त के तहत देश के 9.34 करोड़ किसानों के खाते में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई।
इस अवसर पर पिपराकोठी स्थित महात्मा गांधी समेकित कृषि अनुसंधान संस्थान में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में सांसद राधामोहन सिंह शामिल हुए।
सांसद राधामोहन सिंह ने बताया कि 24वीं किस्त के तहत अकेले पूर्वी चंपारण जिले के 4 लाख 30 हजार 389 किसानों के खातों में 86 करोड़ 3 लाख 4 हजार रुपये अंतरित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम किसान योजना किसानों के सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण का प्रतीक है। अब तक 23 किस्तों में 4.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक किसानों को दिए जा चुके हैं। डीबीटी से पैसा सीधे खाते में पहुंचने से पारदर्शिता बढ़ी है और बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई है।
सांसद ने कृषि अवसंरचना कोष के तहत 521 इकाइयों के समर्पण और 12 बागवानी समूहों के उद्घाटन को भी कृषि विकास के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक खेती अपनाने और जल संरक्षण की अपील की।
कार्यक्रम में बिहार राज्य मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, उपमहापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, संस्थान के कार्यकारी निदेशक डॉ. एस. के. पूर्वे, जिला कृषि पदाधिकारी मृणाल शास्त्री, अखिलेश प्रसाद सिंह, श्यामबाबू सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
