बिहारशरीफ, अविनाश पांडे। जन्मदिन की पार्टी के बहाने महिला डांसर को बुलाकर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना लहेरी थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले की है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
नालंदा पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पीड़िता आर्केस्ट्रा में नर्तकी का काम करती है। उसे 31 अक्टूबर को नर्तकी उपलब्ध कराने वाले एक बिचौलिए के माध्यम से शिवपुरी मोहल्ले में आयोजित जन्मदिन की पार्टी में कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए बुलाया गया था। पीड़िता के अनुसार, पार्टी में कुल आठ लोग शामिल थे। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान दो युवकों ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया, जबकि अन्य लोगों ने इसमें सहयोग किया।
घटना की सूचना एक नवंबर की सुबह करीब सात बजे पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही लहेरी थाना की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सदर डीएसपी-1 अमरनाथ और थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर चिकित्सीय जांच की प्रक्रिया शुरू की। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता एवं भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के प्रावधानों के तहत अनुसंधान किया जा रहा है। नालंदा पुलिस के अनुसार, अब तक चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
