विशेष टिकट जांच अभियान में पकड़े गए 1009 बिना टिकट अथवा उचित प्राधिकार वाले यात्री, जुर्माने के दो लाख रुपये से अधिक वसूले गए

पटना

बीपी डेस्क। पूर्व मध्य रेल का दानापुर मंडल उचित टिकट/प्राधिकार के साथ यात्रा करने वाले रेल यात्रियों की सुविधा को लेकर निरंतर सजग व कार्यरत रहता है। इस संबंध में बिना टिकट/उचित प्राधिकार के रेल यात्रा करने वालों के विरुद्ध दानापुर मंडल में निरंतर टिकट चेकिंग का कार्य सघनतापूर्वक कराया जाता रहता है।

इसी क्रम में दिनांक 19.01.2026 एवं 20.01.2026 को वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, दानापुर, श्री अभिनव सिद्धार्थ के निर्देशानुसार मंडल वाणिज्य प्रबंधक, श्री अभिषेक कुमार तिवारी एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक/टिकट जांच एवं खान-पान, श्री प्रदीप कुमार के नेतृत्व में विभिन्न ट्रेनों का अतिरिक्त ठहराव लेकर सघन टिकट जाँच अभियान चलाया गया।

दानापुर मंडल के पटना-गया रेलखंड के जटडुमरी स्टेशन पर वाणिज्य विभाग एवं आरपीएफ की एक विशेष टिकट चेकिंग टीम बनाकर एक विशेष टिकट चेकिंग स्पेशल ट्रेन (लाल गाड़ी) के साथ एक सघन टिकट जाँच अभियान चलाया गया। इस विशेष लाल गाड़ी टिकट चेकिंग अभियान में 1009 बिना टिकट/अनियमित टिकट वाले यात्रियों से जुर्माने के रूप में 2,90,800/- रुपए रेल राजस्व अर्जित किया गया।

इस विशेष टिकट चेकिंग अभियान के परिणामस्वरूप पटना-गया रेलखंड के सभी स्टेशनों जैसे परसा बाजार, पुनपुन घाट, जटडुमरी, तारेगना, जहानाबाद आदि टिकट काउंटरों पर यात्रियों की बढ़ी हुई भीड़ देखी गई एवं प्रत्येक स्टेशन पर टिकट बिक्री लगभग 35-40 प्रतिशत अधिक दर्ज की गई । यात्री उचित टिकट लेकर रेल यात्रा करने के प्रति जागरूक हुए।

मंडल में बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के विरुद्ध चलाया जा रहा यह अभियान आगे भी सतत रूप से जारी रहेगा।

“दानापुर मंडल यात्रियों से अपील करता है कि वे सदैव वैध टिकट लेकर उचित श्रेणी में हीं यात्रा करें तथा भारतीय रेल की सेवाओं का लाभ उठाएं।”अभिनव सिद्धार्थ (वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *