भारतीय रेलवे ने यात्रियों को दी बड़ी राहत, अब जनरल टिकट पर मिलेगा 3% का डिस्काउंट, पढ़िये कैसे मिलेगी छूट

दिल्ली पटना

बीपी डेस्क। पूर्व मध्य रेल (ECR) ने डिजिटल ट्रांजेक्शन को प्रोत्साहित करने के लिए यात्रियों के लिए एक विशेष योजना की घोषणा की है। अब रेलवन मोबाइल ऐप के जरिए अनारक्षित (जनरल) टिकट बुक करने पर यात्रियों को 3 फीसदी की सीधी छूट दी जाएगी। रेलवे का यह ऑफर 14 जुलाई तक प्रभावी रहेगा।

पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सरस्वती चंद्र ने बताया कि यात्री यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग सहित कई डिजिटल पेमेंट विकल्पों का उपयोग करके अनारक्षित टिकट बुक कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल का मकसद कैशलेस लेनदेन को बढ़ावा देना है।

साथ ही कम दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए परेशानी मुक्त टिकट बुकिंग सुनिश्चित करना है। रेलवे पहले से ही आर-वॉलेट के जरिए बुक किए गए टिकटों पर 3 फीसदी छूट दे रहा है। सीपीआरओ ने कहा कि रेलवन ऐप पर नए प्रोत्साहन के साथ, यात्रियों के पास अब लाभ उठाने के लिए अधिक डिजिटल विकल्प हैं।

सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि रेलवन ऐप की लॉन्चिंग के बाद से अब तक पूर्व मध्य रेल क्षेत्र में लगभग दो लाख यात्री इसका उपयोग कर चुके हैं, जिससे रेलवे को करीब 20 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।

एक तरफ जहां रेलवे सुविधाएं बढ़ा रहा है, वहीं दूसरी ओर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती भी बरती जा रही है। पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल ने सोमवार और मंगलवार को पटना-गया (PG) सेक्शन सहित विभिन्न रूटों पर सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया।

दानापुर के सीनियर डीसीएम (DCM) अभिनव सिद्धार्थ ने बताया कि इस विशेष अभियान के दौरान 1,009 यात्रियों को बिना वैध टिकट या अनधिकृत रूप से यात्रा करते हुए पकड़ा गया। इन यात्रियों से मौके पर ही जुर्माने के रूप में लगभग 3 लाख रुपये का अतिरिक्त राजस्व वसूला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *